राष्ट्रीय युवा दिवस पर विशेष कार्यक्रम

विज्ञप्ति

दिनांक: 12.01.26

देव मैमोरियल पब्लिक स्कूल, गढ़मुक्तेश्वर में आज भारतीय युवा ऊर्जा के प्रतीक 12 जनवरी – ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’, स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय बौद्धिक शिक्षण प्रमुख डॉ. रूप नारायण मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि डॉ. रूप नारायण, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के वनस्पति शास्त्र विभाग से सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं तथा वर्तमान में रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर के प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथि महोदय द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को स्मरण करते हुए की गई। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से महान व्यक्तित्व को याद कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

अपने उद्बोधन में डॉ. रूप नारायण ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे युवाओं में आत्मविश्वास, चरित्र और राष्ट्रभाव के जागरण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त राष्ट्र का निर्माण केवल संगठित, संस्कारित और कर्तव्यनिष्ठ युवाओं के माध्यम से ही संभव है।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का बोध होना चाहिए। स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को सेवा, अनुशासन और आत्मबल के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्वामी जी आज भी अपने विचारों की ऊर्जा से संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन कर रहे हैं। हमें उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के प्रति समर्पित आदर्श नागरिक के रूप में योगदान देना चाहिए।

विद्यालय प्रबंधक श्री राजेंद्र चौधरी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वास्तव में सकारात्मक सोच ही सच्चे अर्थों में उस दिव्य आत्मा के विचारों का अनुपालन है। स्वामी जी के विचार एवं आदर्श सदैव भारत के युवा वर्ग को ऊर्जावान बनाते रहेंगे।

इस अवसर पर SGFI, सांसद खेल महोत्सव तथा राष्ट्रीय खेलों में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, जूडो और बैडमिंटन आदि खेलों के खिलाड़ी सम्मिलित थे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि महोदय को स्मृति-चिह्न भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य श्री युधिष्ठिर यादव एवं स्कूल कोऑर्डिनेटर योगेंद्र सिंह, ब्रज सिंह, रविंद्र चौधरी, गौरव त्यागी, वैशाली, अक्षय नैन, डॉ. दीपक शर्मा, तनीषा भड़ाना, शान मोहम्मद, ओम कौशिक आदि उपस्थित रहे।

प्रेषक:

देव मैमोरियल पब्लिक स्कूल,

गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़

Share This Post